राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कावेरी इंडस्ट्रीज नामक ऑयल और डामर फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री से उठता घना काला धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। खबर लिखे जाने तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

फैक्ट्री में डामर और ऑयल जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग के तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई है, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। एहतियातन क्षेत्र को खाली कराया जा रहा है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

