मनरेगा, धान खरीदी और जमीन गाइडलाइन को लेकर बोदरी में मशाल रैली व जनआक्रोश सभा
बिल्हा | अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में चल रहे “मनरेगा बचाओ संग्राम” के तहत बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के नगर पालिका बोदरी में जिला स्तरीय मशाल रैली एवं जनआक्रोश सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए।

यह आयोजन जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजू किशन यादव एवं बिल्हा विधानसभा अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में संपन्न हुआ। गुरुवार शाम 7 बजे चकरभाठा के अचानकपुर चौक से हाथों में मशाल लेकर कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए नगर भ्रमण किया। रैली झूलेलाल मंदिर के पास पहुंचकर जनआक्रोश सभा में तब्दील हो गई।
भाजपा सरकार ग्रामीण विरोधी: उमेश पटेल
सभा को संबोधित करते हुए मनरेगा बचाओ संग्राम के प्रदेश समन्वयक, पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि

“मोदी सरकार मनरेगा की कानूनी गारंटी समाप्त कर ग्रामीणों से रोजगार का अधिकार छीन रही है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गहरा नुकसान होगा।”
उन्होंने मनरेगा कानून के स्वरूप में बदलाव, धान खरीदी की समय-सीमा, जमीन खरीदी-बिक्री की बढ़ी हुई गाइडलाइन, बिजली और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
धान खरीदी में अव्यवस्था से किसान परेशान
पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि प्रदेश सरकार की लचर व्यवस्था के कारण लाखों किसानों की धान खरीदी नहीं हो सकी।
“किसान मजबूर होकर अपना धान औने-पौने दाम पर बिचौलियों को बेच रहे हैं।”

हर वर्ग सरकार की नीतियों से पीड़ित
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि सरकार की किसान-मजदूर विरोधी नीतियों से प्रदेश का हर वर्ग परेशान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की जनता बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है, जबकि सत्ता में बैठे लोग करोड़ों का घोटाला कर रहे हैं।
इन नेताओं ने भी किया संबोधित
सभा को विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, गीतांजलि कौशिक और प्रमोद नायक ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री उमेश पटेल, विधायक दिलीप लहरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, तिफरा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, बिल्हा ब्लॉक अध्यक्ष गीतांजलि कौशिक, प्रमोद नायक, विवेक बाजपेयी, मनहरण कौशिक, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजू किशन यादव, बिल्हा विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साहू, संत सर्वे, वसीम खान, भास्कर वर्मा, राजेश साहू, दिवाकर दुबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

