हथौड़ी से हमला, जेवरों से भरी कार लेकर फरार बदमाश – बिलासपुर में हाई-वोल्टेज लूट।

बिलासपुर शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली लूट की वारदात सामने आई। राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर अज्ञात बदमाशों ने ज्वेलर संतोष तिवारी पर हथौड़ी से हमला कर उनकी कार लूट ली। कार में सोने-चांदी के जेवरात रखे होने की जानकारी से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
रात 9 बजे की वारदात, व्यापारी घायल

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे मेहरून रंग की रीनॉल्ट कार (CG 10 AH 7707) से जा रहे व्यापारी को बदमाशों ने रोका और सिर पर हथौड़ी से वार कर घायल कर दिया। घायल व्यापारी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मौके से मिले अहम सुराग

घटनास्थल से पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं—
एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल (CG 10 P 0331)
एक कार (CG 10 BJ 8147)
एक मैगजीन और कुछ जिंदा कारतूस
आरोपी इन वाहनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस इन सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
आला अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य, एएसपी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह मौके पर पहुंचे। रेंज आईजी गर्ग ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
लूट या पुरानी रंजिश?

पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि वारदात सिर्फ लूट के इरादे से की गई या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा पर सवाल
शहर के बीचोंबीच हुई इस घटना से व्यापारियों में भय का माहौल है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *