बिलासपुर। तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 1 से 4 के लिए बड़ी विकास सौगात सामने आई है। विधायक धर्मजीत सिंह की अनुशंसा पर शासन ने इन वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 573.57 लाख रुपए यानी करीब 5 करोड़ 73 लाख 57 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र में लंबे समय से अपेक्षित सड़क,
नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
निगम सीमा में शामिल क्षेत्रों पर विशेष फोकस
नगर निगम बिलासपुर के परिसीमन के बाद शहर से लगे कई ग्रामीण क्षेत्र निगम सीमा में शामिल हुए थे। स्थानीय स्तर पर इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर किए जाने की मांग लगातार उठती रही है। ऐसे में वार्ड 1 से 4 के लिए इतनी बड़ी राशि स्वीकृत होना क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
तखतपुर विधानसभा की जिम्मेदारी संभालने के बाद विधायक धर्मजीत सिंह लगातार क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर सक्रिय नजर आए हैं। खासकर नगर निगम बिलासपुर के अंतर्गत आने वाले तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के वार्डों में विकास कार्यों को लेकर उनकी अनुशंसाओं और प्रयासों का असर अब दिखाई देने लगा है।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
नगर निगम में एल्डरमैन अशोक सिंह ठाकुर ने क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी राशि स्वीकृत होने पर विधायक धर्मजीत सिंह का आभार व्यक्त किया।


वहीं वार्ड क्रमांक 3 साईं नगर, उसलापुर-अमेरी की पार्षद किरण राजेंद्र टंडन एवं पार्षद प्रतिनिधि राजेंद्र टंडन ने भी विकास कार्यों के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर विधायक धर्मजीत सिंह का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि विधायक धर्मजीत सिंह क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है। वार्ड 1 से 4 तक के लिए करोड़ों रुपए की स्वीकृति से आने वाले समय में क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं और मजबूत होने की उम्मीद है।


24 विकास कार्यों के लिए 573.57 लाख की स्वीकृति
शासन द्वारा कुल 24 विकास कार्यों के लिए 573.57 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस संबंध में शासकीय आदेश 6 अक्टूबर 2026 को संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर से जारी किया गया है।
करोड़ों रुपए की इस स्वीकृति के बाद वार्ड 1 से 4 के रहवासियों को सड़क, नाली और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में जल्द सुधार की उम्मीद है।

