बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से साइकिल सवार की मौत,CCTV  खंगालकर आरोपी की तलाश जारी।

बिलासपुर:-उसलापुर में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम खमरईया केकती निवासी 47 वर्षीय उदयराम कश्यप पिता रामकुमार कश्यप, जो परिवार के साथ उसलापुर बाजार के पास रहते थे, साइकिल से ग्राम हांफा की ओर से लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे अचानक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उदयराम कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की खबर लगते ही बड़ी संख्या में लोग वहां जुट गए और ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सूचना पाकर सकरी टीआई प्रदीप आर्या पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को मरच्यूरी भिजवाकर सड़क पर आवागमन सामान्य कराया।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष देखा गया। वहीं पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि फरार पिकअप और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई की जा सके। वर्तमान में मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *