ये है ‘स्वास्थ्य मॉडल’ की हकीकत!कोरिया जिले में एम्बुलेंस नहीं, खाट ही बनी एम्बुलेंस।

कोरिया जिले से एक बार फिर प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को उजागर करने वाला वीडियो सामने आया है। यह मामला स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले का बताया जा रहा है, जहाँ आज भी ग्रामीणों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है।

घटना ग्राम पंचायत बंजारीडाड़ अंतर्गत रोहिनथिहाई गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव में एक मरीज की तबीयत गंभीर हो गई थी, लेकिन सूचना देने के बावजूद एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुँच पाई। मजबूरी में ग्रामीणों ने मरीज को खाट पर लिटाकर गांव से मुख्य सड़क तक पैदल ले जाकर पहुँचाया।

मुख्य सड़क तक पहुँचने के बाद ग्रामीणों ने निजी वाहन बुक किया और मरीज को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर लेकर गए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति लंबे समय से खराब है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब स्वास्थ्य मंत्री के गृह जिले में यह हाल है, तो दूर-दराज के इलाकों की स्थिति क्या होगी।
अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *