प्रेमिका से शादी करने के लिए पति ने की अपनी पत्नी और 3 साल के मासूम बेटे की गला घोटकर निर्मम हत्या, पति सहित सात आरोपी गिरफ्तार।

छत्तीसगढ़:-कोंडागांव जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका से शादी करने के लिए अपनी पत्नी और 3 साल के मासूम बेटे की गला घोटकर निर्मम हत्या कर उनकी लाश उड़ीसा के नदी और तालाब में फेंक दिया, इस मामले में कोंडागांव पुलिस ने आरोपी पति रोहित सेठिया, सास-ससुर सहित साथ लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला के पति रोहित सेठिया ने अपने प्रेम संबंध और पारिवारिक दबाव के चलते आपराधिक साजिश रचकर पत्नी और मासूम बेटे की हत्या करवाई। आरोपियों ने पहले महिला को धोखे से विशाखापट्टनम घुमाने का बहाना बनाया और रास्ते में ओडिशा के सुनसान इलाके में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को इंद्रावती नदी में पत्थर बांधकर फेंक दिया गया।

इतना ही नहीं, हत्या के बाद तीन साल के मासूम बच्चे को भी ओडिशा के सिंगसाड़ी इलाके के पास जंगल में ले जाकर तालाब में गला घोंटकर उसकी भी हत्या कर दी गई। बच्चे का शव अभी बरामद नहीं हुआ है, जिसकी तलाश जारी है।महिला के शव को ओडिशा के नवरंगपुर जिले के कोसागुंडा थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी से बरामद किया गया, जहां ओडिशा पुलिस द्वारा मर्ग कायम किया गया था।

बताया गया कि मृतिका का पति रोहित सेठिया, उसकी प्रेमिका बसंती प्रधान, माता-पिता और अन्य रिश्तेदार लंबे समय से महिला को प्रताड़ित कर रहे थे। भरण-पोषण के विवाद और प्रेम प्रसंग के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल के मार्गदर्शन और एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में फरसगांव थाना प्रभारी विकास राय एवं पुलिस टीम ने इस पूरे हत्याकांड का खुलासा किया।

फरसगांव थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 166/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. रोहित सेठिया – मृतिका का पति
  2. नरेश पाण्डे – ममेहरा देवर
  3. मिथलेश मरकाम – मित्र
  4. बसंती प्रधान – प्रेमिका
  5. रमेशचंद सेठिया – ससुर
  6. उर्मिला सेठिया – सास
  7. प्रभूलाल पाण्डे – मामा ससुर

फरसगांव पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *