बिलासपुर में नशा और हथियारों के अवैध कारोबार पर पुलिस ने ऐसा वार किया कि अंतर्राज्य गिरोह की कमर टूट गई। मिनीबस्ती क्षेत्र में चली सघन रेड के दौरान पुलिस ने नशे की गोलियों और अत्याधुनिक हथियारों के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित संयुक्त विशेष टीम ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी।

इस कार्रवाई में स्वराज कुर्रे के कब्जे से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नाइट्राजेपाम टैबलेट, एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके पर ही एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया।पूछताछ में बेनकाब हुआ बड़ा नेटवर्क

पूछताछ के दौरान सामने आया कि हथियारों की सप्लाई भोपाल से की जा रही थी। सप्लायर निकला धीरेन्द्र सिंह तोमर, जो पहले भी बिलासपुर में हथियार सप्लाई के मामलों में शामिल रह चुका था और लंबे समय से फरार था।सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना वक्त गंवाए भोपाल में दबिश दी और आरोपी को पिस्टल और मैग्जीन के साथ धर दबोचा।

इस गिरफ्तारी के बाद साफ हो गया कि यह सिर्फ दो लोगों का खेल नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क का मामला है।
दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस ने धीरेन्द्र तोमर की रिमांड लेकर उसके सप्लाई चैन,सहयोगियों और फंडिंग नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है। अब पुलिस की नजर इस गिरोह की काली कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों पर है, जिन पर जल्द बड़ी कार्रवाई की तैयारी है।

