धमतरी:-धमतरी जिले में अवैध धान भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में नगरी विकासखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन फर्मों को सील किया गया है।

संयुक्त जांच के दौरान धान भंडारण और अभिलेखों में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद प्रशासन ने शिवम् ट्रेडर्स, सीताराम साहू ट्रेडर्स और रोशन ट्रेडर्स के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए इन्हें सील कर दिया।

यह कार्रवाई राजस्व विभाग, खाद्य विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जांच में पाया गया कि संबंधित फर्में धान के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाईं और भंडारण नियमों का उल्लंघन किया गया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इससे पहले भी जिले में दो राइस मिलों को सील किया जा चुका है।
जिला प्रशासन का कहना है कि किसानों के हितों की रक्षा और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।

