जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने युवती का सिर खेत के कीचड़ में दबाकर उसकी जान ले ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान पूजा महंत (22 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना का खुलासा CCTV फुटेज और पुलिस जांच के बाद हुआ।

खेत में मिला अर्धनग्न शव, मचा हड़कंप
27 जनवरी की सुबह बरगांव निवासी किसान रामेश्वर साहू जब अपने खेत पहुंचा, तो उसने कीचड़ में एक युवती का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। शव की पहचान पूजा महंत के रूप में होने के बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में ही हत्या की आशंका जताई गई।
CCTV फुटेज से खुली पूरी कहानी
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की। फुटेज में तड़के सुबह 4:38 बजे दो युवक बाइक से जाते दिखाई दिए। इसके कुछ ही मिनट बाद 4:45 बजे पूजा महंत मोबाइल पर बात करते हुए उसी रास्ते से गुजरती नजर आई।
जांच में सामने आया कि पूजा महंत ग्राम किरीत में आयोजित वार्षिक उत्सव देखकर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच घर लौटी थी। उसके पिता ने उसे घर आते देखा था। इसके बाद तड़के किसी के फोन आने पर वह घर से निकली और कुछ ही देर बाद उसका शव खेत में मिला।

शक बना हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रवीण ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे शक था कि पूजा किसी अन्य युवक से फोन पर बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर उसने पूजा को खेत में धक्का दिया और उसका सिर कीचड़ में दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फरार कराने में भाई और दोस्त की भूमिका
हत्या के बाद आरोपी को फरार कराने में उसके भाई लव प्रकाश चंद्रा (32) और दोस्त केशव चंद्रा (34) ने मदद की। दोनों ने प्रवीण को शिवरीनारायण बस स्टैंड से बाहर भेज दिया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए आरोपी को पटना से गिरफ्तार किया।
सबूत जब्त, आरोपी जेल भेजे गए
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन, कपड़े और आरोपी की बाइक जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

