2.21 करोड़ से संवरेगा उस्लापुर का रत बंधा तालाब, कल से शुरू होगा सौंदर्यीकरण कार्य।

मनोज सिंह ठाकुर

बिलासपुर -उस्लापुर क्षेत्र के रत बंधा तालाब को जल्द ही नया स्वरूप मिलने जा रहा है। नगर निगम द्वारा करीब 2 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से तालाब सौंदर्यीकरण कार्य कराया जाएगा, जिसका भूमिपूजन सोमवार दोपहर गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक धर्मजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

भूमिपूजन अवसर पर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि तखतपुर विधानसभा में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है और वर्तमान में सैकड़ों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स प्रगति पर हैं। उन्होंने बताया कि रत बंधा तालाब वर्षभर जल से भरा रहता है, ऐसे में इसके सौंदर्यीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नगर निगम के प्रस्ताव के बाद राज्य सरकार ने 2.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की। टेंडर प्रक्रिया और वर्क ऑर्डर पूर्ण हो चुका है तथा निर्माण कार्य कल से प्रारंभ किया जाएगा।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महापौर पूजा विधानी ने जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि तेजी से घटते जल संसाधनों के बीच तालाबों का विकास बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि रत बंधा तालाब क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे विधायक के प्रयासों से स्वीकृति मिली। सौंदर्यीकरण के बाद यह स्थान नागरिकों के लिए एक आकर्षक और उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि राजेंद्र टंडन ने विधायक और महापौर का आभार जताते हुए कहा कि वार्ड में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधायक धर्मजीत सिंह नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर जनता की समस्याओं का समाधान कराते हैं।
कार्यक्रम में जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल, इंजीनियर हितेश मक्कड़, पार्षद किरण राजेंद्र टंडन, पूर्व विधायक प्रतिनिधि अशोक सिंह ठाकुर,वार्ड के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *