जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार तड़के पुलिस और कुख्यात डकैती गिरोह के मास्टरमाइंड के बीच मुठभेड़ हो गई। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में गिरोह का सरगना रामनाथ पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

मुठभेड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस मुठभेड़ का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घायल बदमाश दर्द से कराहते हुए “दादा-दादा” कहते नजर आ रहा है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पुलिस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

ऐसे हुई पुलिस और बदमाश की मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, जिले में लगातार हो रही लूट और हमलों की घटनाओं के बाद डकैती गिरोह पर नजर रखी जा रही थी। इससे पहले पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को मास्टरमाइंड रामनाथ की लोकेशन मिली।
सुबह करीब 5 बजे पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने देशी कट्टे से फायरिंग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए शिवरीनारायण थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव ने आत्मरक्षा में तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी।
13 लोग घायल, एक युवक कोमा में
जानकारी के अनुसार, 27 और 29 जनवरी की रात शिवरीनारायण और पामगढ़ थाना क्षेत्रों में गिरोह ने हथियारबंद होकर कई वारदातों को अंजाम दिया था। बदमाशों ने राहगीरों से मोबाइल और नकदी लूटने के साथ-साथ विरोध करने पर बेरहमी से हमला किया।
इन घटनाओं में कुल 13 लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायलों का इलाज बिलासपुर और रायपुर में चल रहा है, जबकि एक युवक कोमा में बताया जा रहा है।

सुनसान रास्तों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह अंधेरे और सुनसान रास्तों पर घूमने वाले लोगों को निशाना बनाता था। बाइक और स्कूटी से पहुंचकर पहले सिर पर लोहे की रॉड, डंडे या पाइप से हमला करते थे, ताकि पीड़ित बचाव न कर सके। इसके बाद लूटपाट कर मौके से फरार हो जाते थे।

पुलिस का दावा—डकैती गिरोह को लगी बड़ी चोट
जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि आरोपी रामनाथ कम से कम 6 डकैती की वारदातों में शामिल रहा है। एसडीओपी योगिता बाली खापर्डे ने कहा कि गिरोह की रणनीति इलाके में दहशत फैलाने की थी, जिसे पुलिस ने नाकाम कर दिया है।
फिलहाल घायल आरोपी से अस्पताल में पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय डकैती गिरोह पर बड़ी चोट लगी है और आम लोगों ने राहत की सांस ली है।

