बिलासपुर:-चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन की अंतर्राज्यीय तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

एएसपी पंकज पटेल ने बिलासागुड़ी में मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि चकरभाठा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति हिर्री माइंस–तिलक नगर क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ बेचने के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से रणनीति बनाकर इलाके में घेराबंदी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पहले करण दीप सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के नाम उजागर किए, जिसके बाद पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान तीनों के कब्जे से कुल 34 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी करण दीप सिंह दूसरे राज्यों से मादक पदार्थ लाकर मोहित हिंदूजा को देता था और फिर अपने साथी आर. रजिंदर कुमार के साथ मिलकर तीनों हेरोइन को ऊंचे दामों पर बेचते थे। आरोपियों का नेटवर्क पंजाब सहित अन्य राज्यों से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपियों में
मोहित हिंदूजा, पिता टीकम दास, उम्र 32 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 07,
करण दीप सिंह, पिता सुखविंदर सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी चकरभाठा वार्ड क्रमांक 12,
आर. रजिंदर कुमार, पिता मुख्तियार लाल, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम खेमकरण, जिला तरनतारन (पंजाब) शामिल हैं।

एएसपी पटेल ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और अन्य राज्यों से भी जानकारी मंगाई गई है। इसके साथ ही आरोपियों के मोबाइल कॉल डिटेल और संपर्क में आए अन्य लोगों से गहन पूछताछ जारी है।
उन्होंने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले तीन दिनों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 7 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1300 नशीली टैबलेट, 400 एमएल एविल इंजेक्शन और 2 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया है।
एएसपी पंकज पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

