निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना की अनदेखी! जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा गया ज्ञापन।

राकेश मिश्रा

जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से की गई शीघ्र हस्तक्षेप की मांग
जिले में आयुष्मान भारत योजना लागू होने के बावजूद निजी चिकित्सालयों द्वारा आम जनता को उसका समुचित लाभ नहीं दिए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में आज प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा एवं प्रदेश महासचिव विकास सिंह ने जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।
आपदा को अवसर’ बना रहे निजी अस्पताल – लक्की मिश्रा

प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा ने आरोप लगाया कि कई निजी अस्पताल आयुष्मान योजना के नाम पर व्यावसायीकरण करते हुए मरीजों का शोषण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि अस्पतालों द्वारा योजना के तहत निर्धारित सुविधाएं नहीं दी जा रहीं, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों से अभद्र व्यवहार तक किया जा रहा है।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मांग की कि जिले के सभी निजी अस्पतालों की सूची सार्वजनिक की जाए, जिसमें यह स्पष्ट हो कि किन-किन अस्पतालों में कौन-कौन से विशेषज्ञ उपलब्ध हैं तथा आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत कौन-कौन सी सेवाएं लागू हैं। साथ ही यह जानकारी अस्पताल परिसर में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाए।
लक्की मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
निर्धारित दर से अधिक वसूली का आरोप – विकास सिंह

प्रदेश महासचिव विकास सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत निर्धारित दरों से कहीं अधिक राशि वसूल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि किसी सेवा की निर्धारित दर एक हजार रुपये है, तो उसके बदले 2700 से 2800 रुपये तक वसूले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास साक्ष्य मौजूद हैं और संगठन जल्द ही इन्हें सार्वजनिक करेगा।
जांच की मांग तेज
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की है कि जिले के सभी मल्टीस्पेशलिटी एवं निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा आईपीडी और ओपीडी सेवाओं में पारदर्शिता लाई जाए।
अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इन आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है और आम जनता को आयुष्मान योजना का वास्तविक लाभ कब तक मिल पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *