

बिलासपुर… जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 22, 23 और 24 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पहले से चिह्नित स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई और दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट चलने वालों तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।


अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने के कुल 174 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई। इसी अवधि में शराब सेवन कर वाहन चलाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत 46 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें चालकों की ब्रीथ एनालाइज़र से जांच कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क हादसों को रोकने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

