बालोद जिला के गुरुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पशु तस्करी के संदेह में कुछ लोगों ने तीन युवकों को रोककर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ितों के मुताबिक धमतरी निवासी वेद प्रकाश साहू समेत तीन युवक वैध दस्तावेजों के साथ छह बछड़ों को टाटा एस वाहन में लेकर करहिभदर मवेशी बाजार जा रहे थे।

रात करीब 11:15 बजे भरदा-पेवरों मार्ग पर कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी जबरन रोक ली और युवकों को नीचे उतारकर बेल्ट, डंडे और हाथ-मुक्कों से पीटा। तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद गुरुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज किया। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

मामले को लेकर शनिवार दोपहर साहू समाज के लोगों ने गुरुर थाना पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। समाज ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मवेशी ले जा रहे युवकों के खिलाफ भी पशु क्रूरता अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

