बिलासपुर:- शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक ने हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, वही तीसरे युवक को सामान्य चोटें आई हैं। यह दुर्घटना सुबह करीब 3:30 बजे कुदुदंड शिव चौक से मुंगेली नाका चौक की ओर जाते समय सर्किट हाउस के सामने हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बलेनो कार क्रमांक CG 10 AT 8880 में सवार तीन युवक जब सर्किट हाउस के सामने पहुंचे, तभी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। चालक सीट पर बैठा युवक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया, जबकि उसके बगल की सीट पर बैठे युवक का पैर ड्राइविंग सीट में फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे।

गैस कटर मंगाकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं दूसरे घायल युवक को करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से बाहर निकाला जा सका। घायल को तत्काल बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसने दम तोड़ दिया। (1)मृतक की पहचान नेहल कौशिक (28 वर्ष) पिता मनीराम कौशिक निवासी कुदुदंड, बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नेहल ने अपने दोस्त की कार ली थी और तीनों किसी काम से निकले थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

लोगों का कहना है कि घटना के तुरंत बाद एंबुलेंस को कॉल किया गया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती, तो घायल की हालत और बेहतर हो सकती थी। इस देरी ने शहर में एंबुलेंस सेवा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, वाहन की गति और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


