बाइक चोर गिरोह पर पुलिस का बड़ा वार, 5 बाइक जब्त, तीन सलाखों के पीछे, एक की तलाश जारी।

बिलासपुर | news24cg.in


बिलासपुर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर आखिरकार पुलिस ने करारा वार किया है। एसीसीयू और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से पांच महंगी चोरी की मोटरसाइकिलें और अन्य सामान बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य अब भी फरार है।

मामले की शुरुआत 21 जनवरी 2026 को हुई, जब दयालबंद निवासी अमन सिंह बघेल (28 वर्ष) ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जनवरी की रात उनके घर के सामने से उनकी रॉयल एनफील्ड क्लासिक-350 चोरी हो गई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 42/26, धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान 27 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि शनिचरी हैप्पी स्ट्रीट के पास कुछ युवक चोरी की बाइक बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन युवकों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने फरार साथी हरिओम जोशी के साथ मिलकर शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके पास से—
रॉयल एनफील्ड बुलेट CG10/AZ3038
एनएस पल्सर CG10/BY1627
रॉयल एनफील्ड CG07/ZX5007
जावा-42 CG10/BV7666
रॉयल एनफील्ड बुलेट CG10/BL6626
सहित सूने मकानों से चोरी किया गया अन्य सामान भी बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में आयुष एक्का (20 वर्ष) निवासी दीनदयाल कॉलोनी, मंगला शामिल है, जबकि दो अपचारी बालकों को विधि के अनुसार संरक्षण में लिया गया है। गिरोह का एक सदस्य हरिओम जोशी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *