बिलासपुर।
जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक के मार्गदर्शन में खनिज विभाग व पुलिस थाना रतनपुर की संयुक्त टीम ने खारंग नदी क्षेत्र में बड़ी दबिश देते हुए अवैध रेत उत्खनन व परिवहन में लिप्त 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर जब्त किया है।

यह कार्रवाई ग्राम सरवनदेवरी और गढ़वट क्षेत्र में की गई, जहाँ बिना किसी वैध अनुमति के नदी से रेत निकाली जा रही थी। जप्त किए गए सभी वाहनों को पुलिस थाना रतनपुर की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

प्रशासन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में रेत माफियाओं पर नकेल कसने के लिए खनिज विभाग की टीमें लगातार मैदान में डटी हुई हैं।

