झाड़-फूंक के ढाई लाख पड़े भारी! NH में लूट के 4 आरोपी गिरफ्तार, ‘पीड़ित’ पर भी FIR के आदेश।

बिलासपुर
नेशनल हाईवे पर हुई सनसनीखेज लूट की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से 3 कार, 7 मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
इस पूरे मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने लूट के शिकार बताए जा रहे व्यक्ति के खिलाफ भी अपराध दर्ज करने के निर्देश दिए। वजह — पीड़ित ने झाड़-फूंक और तंत्र विद्या के नाम पर आरोपियों से ढाई लाख रुपये लिए थे और लौटाए नहीं थे।

मिली जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को विजय कुमार राज (48 वर्ष), निवासी तिवरता, थाना दीपका, जिला कोरबा, अपनी तीन महिला रिश्तेदारों के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से बिल्हा क्षेत्र में मेला देखने गए थे। वापसी के दौरान रतनपुर के पास हाईवे किंग ढाबा के नजदीक गाड़ी रोकने पर दो कारों में सवार आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया।
आरोप है कि मारपीट कर स्विफ्ट डिजायर कार, 3 मोबाइल फोन और महिला पर्स में रखी नकदी लूट ली गई। घटना की सूचना पर थाना रतनपुर में अपराध दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
टेक्निकल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों को कोरिया और अंबिकापुर जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि तंत्र-मंत्र से पैसे बढ़ाने के नाम पर पीड़ित ने आरोपियों से 2.5 लाख रुपये की ठगी की थी। रकम वापस न मिलने से नाराज आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, 3 मोबाइल और 8 हजार रुपये समेत कुल 2.28 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त क्रेटा और अर्टिगा कार भी जब्त की गई हैं।
चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
SSP रजनेश सिंह ने साफ चेतावनी दी है कि झाड़-फूंक, तंत्र विद्या या पैसे डबल करने का झांसा देने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *