बिलासपुर:-मंगला चौक स्थित एक टाइल्स की दुकान में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के महज एक हफ्ते के भीतर पुलिस की टीम ने दो आरोपियों को पकड़ लिया है। आरोपियों के पास से नगदी, मोबाइल फोन और चोरी की रकम से खरीदा गया सामान बरामद किया गया है…..


घटना 29 अक्टूबर की रात की है, जब मंगला चौक स्थित एक टाइल्स दुकान से तिजोरी समेत करीब ₹5.80 लाख की नकदी चोरी हो गई थी। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पर संचालक को चोरी का पता चला और इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद संदिग्धों की पहचान की गई और टेक्निकल इनपुट के जरिए पुलिस की टीम मध्यप्रदेश तक पहुंची…..

पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को देवास से गिरफ्तार किया। उनके पास से ₹1.97 लाख नकद, चोरी की रकम से खरीदे गए दो आईफोन और अन्य सामान मिलाकर कुल ₹3.55 लाख की संपत्ति बरामद की गई है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल किए गए औज़ार, तिजोरी का टूटा ताला और स्कूटी भी जब्त की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी करना कबूल कर लिया है। फिलहाल उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि बाकी रकम की तलाश जारी है…..

