सकरी शराब दुकान के पास खून से लथपथ मिली स्कूल ड्राइवर की लाश।

बिलासपुर:- सकरी थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एलसीआईटी पब्लिक स्कूल, बोदरी में ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शराब दुकान के पास मिला। धारदार हथियार से हमला कर की गई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

सकरी थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने शराब दुकान से करीब 50 मीटर दूर सड़क किनारे खून से लथपथ एक शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 45 वर्षीय प्रहलाद कुमार के रूप में की, जो ग्राम चिल्हाटी, सोन लोहर्षी थाना पचपेड़ी का निवासी था और एलसीआईटी पब्लिक स्कूल, बोदरी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था।

घटनास्थल से प्रहलाद का स्कूल आई-कार्ड और उसकी बाइक क्रमांक CG 10 ZK 2295 भी बरामद हुई है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए हमले के कई निशान मिले, जिससे साफ होता है कि उसकी निर्मम हत्या की गई है। आशंका है कि रविवार देर रात किसी समय वारदात को अंजाम दिया गया और शव को वहीं छोड़ दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *