बिलासपुर :-शहर में बढ़ते शोर और यातायात नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए यातायात पुलिस बिलासपुर ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में शहर के विभिन्न गैरेज व ऑटो पार्ट्स दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने और लगाने वाले विक्रय स्थलों को चिन्हित किया गया। कई वाहनों से मौके पर ही अमानक साइलेंसर हटवाकर मानक साइलेंसर लगवाए गए। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई तथा समझाइश और शपथ पत्र के बाद वाहन सौंपे गए।
युवकों द्वारा खतरनाक ड्राइविंग के मामलों में अभिभावकों को बुलाकर समझाइश दी गई। पुलिस ने सभी गैरेज व दुकानदारों को चेतावनी दी है कि भविष्य में मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने या फिट करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही दुकानों को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

