स्टंटबाजी बनी मौत की वजह, R15 से रेसिंग कर रहा नाबालिग नाले में गिरा, मौत

गगनदीप / महेंद्र राजपूत

बिलासपुर:- शहर में तेज रफ्तार और स्टंटबाजी का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। रविवार सुबह करीब 7 बजे सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसमा सिटी के पास R15 बाइक से रेसिंग कर रहे एक नाबालिग युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अत्यधिक तेज गति से बाइक चला रहा था और उसके साथ दो से तीन अन्य युवक भी बाइक से रेसिंग कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे R15 बाइक सड़क किनारे स्थित पान ठेले को तोड़ते हुए सीधे नाले में जा गिरी। हादसे में ठेले को भारी नुकसान हुआ, जबकि बाइक सवार युवक दूर जाकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान प्रेम कुमार सिंह पिता रामबाबू सिंह, उम्र 16 वर्ष, निवासी राजकिशोर नगर, सरकंडा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सकरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस हादसे ने एक बार फिर शहर में नाबालिगों द्वारा तेज रफ्तार वाहन चलाने, स्टंटबाजी और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे ऐसे हादसे सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *