कोरबा जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 366 नग सागौन और साल प्रजाति की कीमती लकड़ी बरामद की है। इस कार्रवाई में वन विभाग की 40 सदस्यों की विशेष टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई कोरबा वन मंडल के कुदमुरा रेंज अंतर्गत की गई, जहां लंबे समय से पेड़ों की अवैध कटाई की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने गांव के 10 घरों में एक साथ दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में अवैध रूप से काटी गई लकड़ी जब्त की गई।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह लकड़ी जंगल से अवैध रूप से काटकर भंडारण की गई थी, जिसे तस्करी के लिए रखा गया था। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
वन विभाग ने साफ किया है कि अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

