बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धिविनायक कॉलोनी, खमतराई स्थित एक कबाड़ दुकान में आज भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं। आग लगते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और भय के कारण रहवासियों ने अपने घरों के खिड़की-दरवाजे बंद कर लिए।

कबाड़ दुकान में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और रबर का सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और लपटें और अधिक भड़क उठीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।

हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस घटना में कबाड़ दुकान मालिक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

