बिलासपुर। शहर के विभिन्न कार्यालयों से एसी का कापर वायर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक, एक अपचारी बालक और दो कबाड़ी खरीदारों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 लाख 700 रुपये मूल्य का 173 फीट कापर वायर जप्त किया है।
लगातार हो रही कापर वायर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित कर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मंगला चौक स्थित एचडीएफसी बैंक के पास दो युवक एसी का कापर वायर चोरी कर ले गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें संदिग्ध राहुल गंधर्व और एक अपचारी बालक की पहचान हुई। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उन्होंने मुथूट फाइनेंस लिमिटेड, व्यापार विहार की ऑफिस पार्किंग तथा मंगला चौक स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग ऑफिस में लगे एसी का कापर वायर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने चोरी किया गया कापर वायर तारबहार निवासी कबाड़ी कमलकांत दत्ता उर्फ डोकरा को बेचना बताया। इसके अलावा थाना तारबहार क्षेत्र में की गई चोरी का माल तालापारा निवासी कबाड़ी मोहम्मद याकुब को बेचना भी स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों व खरीदारों के कब्जे से कुल 173 फीट कापर वायर, जिसकी कीमत लगभग 1,00,700 रुपये है, जप्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
गिरफ्तार आरोपी:
राहुल गंधर्व (22 वर्ष), निवासी मन्नू चौक टिकरापारा, थाना सिटी कोतवाली
एक अपचारी बालक
गिरफ्तार खरीदार:
कमलकांत दत्ता उर्फ डोकरा (48 वर्ष), निवासी तारबहार, शीतला मंदिर के पास
मोहम्मद याकुब (36 वर्ष), निवासी तालापारा, थाना सिविल लाइन
इस कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन एस.आर. साहू, सउनि चंद्रकांत डहरिया, प्रधान आरक्षक विकास सेंगर तथा आरक्षक आशीष राठौर और वीरेंद्र राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।

