बिलासपुर।
कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निरतु में गुरुवार को बेवजह हुए विवाद ने एक बड़ी वारदात का रूप ले लिया। 21 वर्षीय भरत उर्फ छोटू सोनी ने अपने परिचित कोमल खैरवार (40 वर्ष) की बांस के डंडे से सिर और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने महज दो घंटे में उसे गिरफ्तार कर लिया। हत्या के पीछे आपसी गाली-गलौज और झगड़ा वजह बताया जा रहा है।

गुरुवार दोपहर ग्राम निरतु के मीना यादव के घर के पास नीम पेड़ के नीचे सीसी रोड पर ग्रामीणों ने कोमल खैरवार को मृत अवस्था में देखा। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं। तुरंत सूचना पुलिस तक पहुंची। एफएसएल टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की।

मृतक की पुत्री केसरी खैरवार ने बताया कि उसके पिता पर हमला भरत उर्फ छोटू सोनी ने किया है। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए हत्या का अपराध दर्ज किया और तलाश शुरू की। रेड कार्रवाई के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया।

